खैरथल

जल संरक्षण को बनाएं जीवन का प्रण

25 मई से 5 जून तक जिलेभर में जन भागीदारी के साथ आयोजित किए जाएंगे विभिन्न कार्यक्रम

गांव-गांव में कुएं, बावड़ी, तालाब, जोहड़ जैसे जल स्रोतों की सफाई के साथ होगा दीप प्रज्वलन
विश्व पर्यावरण दिवस पर जिलें में होंगा समापन समारोह,
जल योद्धाओं को मिलेगा ‘जल गौरव सम्मान’
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिलेभर में होंगे विविध आयोजन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा 25 मई से ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। गंगा दशमी के शुभ अवसर पर प्रारंभ होने वाला यह अभियान विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य केवल जल स्रोतों की साफ-सफाई या पौधारोपण तक सीमित नहीं होकर समाज के प्रत्येक वर्ग को जल संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए इसे जीवन का प्रण बनाना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के साथ पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संगठनों, उद्योगपतियों, युवाओं, महिलाओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। अभियान के तहत जल संरक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने बताया कि 25 मई गंगा दशहरा को अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ सहजमाल पार्क स्थित जलाशय, नगर परिषद खैरथल में प्रातः 7 बजे प्रभारी सचिव की अध्यक्षता में किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रभात फेरी, महिलाओं की कलश यात्रा, जल पूजन, जल शपथ, श्रमदान, तुलसी एवं पीपल पौधों का वितरण, नॉन-प्लास्टिक बैग एवं पक्षियों के लिए परिंडे वितरण जैसी गतिविधियां होंगी। दोपहर 3 बजे जिला सभागार में जिला कलक्टर द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
26 मई को सभी ग्राम पंचायतों में जल संग्रहण एवं जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण एवं पूर्ण कार्यों का अवलोकन किया जाएगा। प्राचीन तालाबों एवं जोहड़ों की साफ-सफाई, चारागाह चिन्हीकरण, पौधारोपण की अग्रिम तैयारी तथा गांवों के सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता गतिविधियां संचालित होंगी। मनरेगा अंतर्गत स्वीकृत जल संरक्षण कार्यों को प्रारंभ किया जाएगा।
27 मई को धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, भामाशाहों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ जल संरक्षण विषय पर संगोष्ठियों का आयोजन होगा। स्थानीय गौशालाओं एवं पशु चिकित्सालयों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मीडिया को जल संरक्षण कार्यों का फील्ड भ्रमण करवाया जाएगा।
28 मई को सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं कृषि मंडियों में “वंदे गंगा जल सेवा” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले में 25 स्थानों पर जल परीक्षण अभियान चलाया जाएगा तथा रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग तकनीक की जानकारी दी जाएगी। भिवाड़ी स्थित न्यू रीको गेस्ट हाउस में उद्योग विभाग द्वारा जल संरक्षण एवं ग्रीन ऑफिस विषयक कार्यशाला आयोजित होगी। शाम को अलीबक्श पेनोरमा, मुण्डावर में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी।
29 मई को ग्राम स्तर पर जल संरक्षण संरचनाओं, तालाबों एवं जोहड़ों की साफ-सफाई और मरम्मत कार्य जारी रहेंगे। राजीविका के ग्राम संगठनों एवं सीएलएफ कार्यालयों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा जन-जन को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा।
30 मई को मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत पूर्ण कार्यों का अवलोकन एवं लोकार्पण किया जाएगा। मियावाकी पद्धति से पौधारोपण एवं चारागाह विकास की तैयारियां की जाएंगी तथा चयनित ग्राम पंचायतों में जल चौपाल आयोजित होगी।
31 मई ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभात फेरियां, जागरूकता रैलियां एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित होंगे। बाबा मोहनराम जलाशय भिवाड़ी एवं बम्बोरा जलाशय किशनगढ़बास में पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों द्वारा श्रमदान किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में जल स्रोतों की साफ-सफाई, दीप प्रज्ज्वलन एवं प्लास्टिक निष्पादन कार्यक्रम होंगे।
01 जून को कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर योजनाओं, प्राकृतिक खेती एवं कम्पोस्टिंग तकनीक पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। किसानों के साथ चर्चा एवं किसान चौपाल भी आयोजित होगी।
02 जून को सूरजमुखी बांध तिजारा एवं बाबा कुन्दनदास मंदिर जलाशय पर पूजन एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित होंगे। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जल बचत जागरूकता एवं जल परीक्षण अभियान चलाया जाएगा। खेल विभाग एवं नेहरू युवा केन्द्र द्वारा साइकिल रैली एवं वंदे गंगा रैली निकाली जाएगी।
03 जून को जिला सभागार में मीडिया राउंड टेबल आयोजित कर जल संरक्षण एवं जल संग्रहण कार्यों की जानकारी दी जाएगी। सभी विभाग अपने कार्यालय परिसरों में पक्षियों के लिए परिंडे लगाएंगे तथा ऊर्जा विभाग ट्रांसफॉर्मरों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाएगा।
04 जून को मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के कार्यों का अवलोकन किया जाएगा। बाबा मोहनराम किसान कॉलेज से बाबा मोहनराम मंदिर परिसर तक प्रातः 7 बजे रन फॉर एनवायरनमेंट कार्यक्रम आयोजित होगा तथा नगर वन में 500 पौधों का वृक्षारोपण किया जाएगा। जिला एवं ग्राम स्तर पर निबंध, नारा लेखन, चित्रकला, खेलकूद एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
05 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले की नर्सरियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा प्लास्टिक उपयोग कम करने की शपथ दिलाई जाएगी। वन विभाग द्वारा नेचर वॉक एवं तुलसी पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला सचिवालय सभागार में जल संरक्षण अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले भामाशाहों, संस्थाओं, पंचायतों एवं जल योद्धाओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही अभियान के समापन अवसर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button