बेतुल
बैतूल सूदखोरी रोकने मानव अधिकार संगठन करेगा बड़ा आंदोलन, बैठक में बनी रणनीति
सूदखोरी के जाल में फंसकर लोगों की जा रही जान, प्रशासन से विशेष अभियान चलाने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। सारनी के अपर गेस्ट हाउस एबी टाइप में अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सुरक्षा संगठन की संगठनात्मक एवं क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र में बढ़ती अवैध सूदखोरी, ब्याज पर पैसों के लेन-देन और उससे हो रही प्रताड़ना को सबसे बड़ा मुद्दा बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि ब्याजखोरी के कारण कई परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहे हैं।
जिला अध्यक्ष सतीश बौरासी ने बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि आम लोगों को राहत दिलाने के लिए संगठन लगातार संघर्ष करेगा। जिला महामंत्री संतोष कैथवास ने कहा कि क्षेत्र में ब्याज के कारोबार और प्रताड़ना के कारण 6 से 7 लोग आत्महत्या कर चुके हैं, जबकि कई लोगों की हृदयघात से भी मौत हुई है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिवार आज बेहद खराब परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं संगठन इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाएगा।
जिला प्रमुख सचिव विनोद कुमार कैथवार ने कहा कि नौकरीपेशा लोगों को झांसे में लेकर आर्थिक रूप से फंसाया जा रहा है, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिला प्रभारी संजय अग्रवाल ने कहा कि अवैध सूदखोरी क्षेत्र की गंभीर समस्या बन चुकी है और इसके चलते कई लोगों को जान गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा कि संगठन कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से विशेष मुहिम चलाने की मांग करेगा तथा संगठन के पदाधिकारी प्रशासन के साथ मिलकर कार्रवाई में सहयोग करेंगे।
जिला वरिष्ठ संयोजक जय शिंदे ने कहा कि संगठन समय-समय पर प्रशासन को ज्ञापन देकर जानकारी देता रहा है, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि अब संगठन आम जनता को राहत दिलाने के लिए बड़ा कदम उठाएगा।
बैठक में महिला जिला अध्यक्ष दीपिका बौरासी, महिला जिला उपाध्यक्ष सारिका वरदाहे, जिला संगठन मंत्री मुकेश सोनी, जिला महासचिव ओंकार सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, यमल शर्मा, निखिलेश गजभिए, कैलाश पाटिल, पवन चौरसिया, उमेश झरबड़े, श्रीपत माथनकर, तहसील अध्यक्ष राजेश वागद्रे, तहसील पदाधिकारी सुमित माझी, पंकज मालवीय, दीपक चौधरी, हितेश शाक्य, सुखबीर सिंह, मुकेश मेश्राम, आर.एस. सतवंशी, गुणवंत हुड़माड़े, सुनील सहारे, राजेश बगाहे, राहुल सांबले, तुषार हुड़माड़े सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।



