नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा 2026” के अंतर्गत विशेष रेलगाड़ी 05 जून को दुर्गापुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन से दोपहर 3 बजे सोमनाथ-द्वारका-नागेश्वर के लिए रवाना होगी। यात्रा में प्रदेशभर से कुल 970 श्रद्धालु भाग लेंगे।
आयुक्त देवस्थान विभाग राजस्थान, उदयपुर ने बताया कि दुर्गापुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन से जयपुर, कोटा, भरतपुर एवं बीकानेर संभाग के 510 यात्री, अजमेर रेलवे स्टेशन से अजमेर संभाग के 200 यात्री तथा आबूरोड़ रेलवे स्टेशन से जोधपुर एवं उदयपुर संभाग के 260 यात्री इस यात्रा में शामिल होंगे।
यात्रियों को समय पर समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कराने हेतु संबंधित रेलवे स्टेशन पर निर्धारित समय से पूर्व रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। जयपुर, कोटा, भरतपुर एवं बीकानेर संभाग के यात्रियों को दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पर प्रातः 10 बजे, अजमेर संभाग के यात्रियों को अजमेर रेलवे स्टेशन पर दोपहर 1 बजे तथा जोधपुर एवं उदयपुर संभाग के यात्रियों को आबूरोड़ रेलवे स्टेशन पर सायं 5 बजे रिपोर्ट करना होगा।
यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी अनुदेशक के रूप में नियुक्त किए गए हैं। साथ ही चिकित्सा सुविधा हेतु एक डॉक्टर एवं दो नर्सिंग अधिकारी भी यात्रा में साथ रहेंगे, जो यात्रियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगे।
देवस्थान विभाग द्वारा बताया गया कि वर्ष 2025-26 के समस्त जिलों के सोमनाथ-द्वारका-नागेश्वर एवं अन्य तीर्थ स्थलों के अचयनित तीर्थ यात्रियों को दूरभाष एवं संदेश के माध्यम से व्यक्तिगत सूचना दी जा रही है। यात्रियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र, मूल जनआधार या आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त दैनिक उपयोग की सामग्री, आवश्यक दवाइयां, कपड़े एवं व्यक्तिगत आवश्यकता हेतु नकदी भी साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं।
देवस्थान विभाग द्वारा 6 दिवसीय इस यात्रा में यात्रियों के आवास, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। यात्रा का सम्पूर्ण खर्च राजस्थान सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

