खैरथल

वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या के समाधान की शुरूआत, वार्डवासियों में खुशी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। बरसात के दिनों में मातोर रोड क्षेत्र के कई निचले वार्डों में गंदे पानी और जलभराव की समस्या से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। प्रशासन द्वारा मंगलवार से समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे वार्डवासियों में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बरसात के दौरान नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में भर जाता था। हालात ऐसे हो जाते थे कि लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता था। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ती थी। स्कूल जाने वाले बच्चों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता था, वहीं कई बार राहगीरों को भी जलभराव के कारण रास्ता बदलना पड़ता था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या का मुख्य कारण मातोर रोड पर अग्रसेन चौराहे से पहले बने रैम्प का संकरा होना है। इसके नीचे लगाए गए पाइप भी छोटे होने के कारण नाले का पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं निकल पाता था, जिससे बारिश के समय पानी सड़कों और गलियों में भर जाता था। यह समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई थी और वार्डवासी लगातार इसके समाधान के लिए प्रशासन के चक्कर काट रहे थे।
वार्ड के लोगों ने यह मुद्दा तीन अलग-अलग जिला कलक्टरों के सामने भी उठाया, लेकिन संबंधित सड़क एमडीआर-25 में आने तथा राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड, अलवर के अधीन होने के कारण मामला लंबे समय से अटका हुआ था।
सोमवार को जिला प्रभारी सचिव के दौरे के दौरान भी वार्डवासियों ने अपनी समस्या प्रमुखता से रखी। इसके बाद जिला कलक्टर के निर्देश पर नगर परिषद की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और तत्काल समाधान की कार्रवाई शुरू कर दी। मंगलवार को प्रशासन द्वारा रैम्प और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
कार्य शुरू होते ही वार्डवासियों ने राहत की सांस ली और प्रशासन का आभार जताया। लोगों ने उम्मीद जताई कि अब आने वाले बरसात के मौसम में उन्हें गंदे पानी और जलभराव जैसी गंभीर समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।वार्ड वासियों ने लम्बे समय तक प्रयास करने के लिए पार्षद अंकित चौधरी, विनोद वलेचा,राजेंद्र चौधरी सहित अमित शर्मा, पवन शर्मा का आभार व्यक्त किया है और अंत में समस्या को समझते हुए कार्य को शुरू करवाने के लिए पूर्व विधायक रामहेत यादव ,मण्डल अध्यक्ष मनीष शर्मा को धन्यवाद देते हुए आभार प्रगट करते हुए खुशी जाहिर की है
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button