कैराना
भीषण गर्मी में इंसानियत की मिसाल, युवाओं ने राहगीरों को पिलाया ठंडा रुह अफजा शरबत
खुरगान रोड स्थित चांद मस्जिद के पास लगाया गया शरबत वितरण शिविर, राहगीरों को मिली राहत

बढ़ते तापमान के बीच युवाओं की पहल बनी चर्चा का विषय, लोगों ने की सराहना
कैराना। लगातार बढ़ रही गर्मी और तपती धूप के बीच खुरगान रोड स्थित चांद मस्जिद के पास युवाओं ने सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों तथा मोहल्लेवासियों को ठंडा और मीठा रुह अफजा शरबत पिलाकर गर्मी से राहत पहुंचाई गई।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में युवा समाजसेवी खलील फरीदी अपने साथियों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने स्वयं राहगीरों को शरबत वितरित किया। भीषण गर्मी के कारण परेशान होकर गुजर रहे लोगों ने शरबत पीकर राहत महसूस की और युवाओं की इस पहल की जमकर सराहना की। दोपहर के समय तेज धूप और उमस के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण किया।कार्यक्रम के दौरान प्रमुख समाजसेवी ख़लील फरीदी ने कहा कि वर्तमान समय में लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जनसेवा के कार्य करने चाहिए, ताकि जरूरतमंदों और राहगीरों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि इंसानियत और आपसी भाईचारे का संदेश देना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। खुरगान रोड क्षेत्र में आयोजित इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।मोहल्लेवासियों का कहना था कि भीषण गर्मी के मौसम में इस प्रकार के आयोजन न केवल लोगों को राहत देते हैं, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। लोगों ने युवाओं की इस पहल को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में अफसरुन एडवोकेट, सलीम फरीदी, बिलाल चौहान, एडवोकेट इस्माईल राना, अय्यूब हसन, आमिर फरीदी, समीर राई, कादिर सिद्दीकी, तालिब सिद्दीकी,अमन राई, हाफिज इमरान अंसारी, फिरोज बागंवा, शाहनवाज राई सहित अन्य युवा मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
