कैराना
पहली पत्नी के रहते की दूसरी शादी, सफाईकर्मी निलंबित
रिश्वत और अनुचित धनराशि वसूलने के आरोपों की भी हुई थी शिकायत
ईओ ने जलकल के जेई को सौंपी विभागीय जांच
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। नगरपालिका में तैनात स्थायी सफाई कर्मचारी दीपक कुमार उर्फ सूरज को गंभीर आरोपों के चलते अधिशासी अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कर्मचारी पर रिश्वत और अनुचित धनराशि प्राप्त करने के आरोपों की शिकायतों के साथ ही पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने का आरोप है। मामले की विभागीय जांच के लिए जलकल विभाग के जेई को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
नगरपालिका परिषद कैराना के अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने निलंबन आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, स्थायी सफाई कर्मचारी दीपक कुमार उर्फ सूरज के विरुद्ध पूर्व से ही विभिन्न कर्मचारियों से रिश्वत और अनुचित धनराशि प्राप्त करने के आरोपों से संबंधित शिकायतें मिल रही थी। इन शिकायतों के संबंध में कर्मचारी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया गया। वहीं, 16 अक्टूबर को उसकी पत्नी ने पालिका में शिकायती पत्र दिया था। आरोप था कि पहली पत्नी के रहते हुए कर्मचारी ने दूसरा विवाह कर लिया है। इसे कर्मचारी नियमावली का उल्लंघन बताया गया है। आदेश में प्रकरण की गंभीरता और निष्पक्ष जांच का हवाला देते हुए कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही विभागीय जांच के लिए जेई (जल) हिमांशु नारायण को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
