कैराना
कंडेला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पनीर फैक्ट्री पर एसडीएम का छापा, 850 किलो पनीर मिला
सहारनपुर मंडलायुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई, खाद्य विभाग ने लिए नमूने

भारतीय डेयरी से पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजे गए
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। सहारनपुर मंडलायुक्त (कमिश्नर) के निर्देश पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार देर शाम प्रशासन ने कंडेला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पनीर बनाने की फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में तैयार पनीर मिला, जिसके बाद खाद्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर नमूने लिए गए।
सोमवार देर शाम एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने उच्चाधिकारियों एवं सहारनपुर मंडलायुक्त के निर्देश पर कंडेला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित भारतीय डेयरी पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री परिसर में करीब 850 किलोग्राम तैयार पनीर मौजूद मिला।पनीर के भंडारण और गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को मौके पर बुलाया।इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षक ने फैक्ट्री में मौजूद पनीर के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए सील कर लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी ।एसडीएम शिवाजी यादव ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। पनीर की रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता या मिलावट सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित खाद्य इकाइयों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। वहीं, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन की सख्ती को देखते हुए अन्य इकाई संचालकों में भी हलचल देखी गई।

