ललितपुर
नेहरू नगर के शीतला माता मंदिर में हुआ सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन
भक्ति रस में सराबोर हुए श्रद्धालु, विधि-विधान से हुआ पूजन और प्रसाद वितरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के मोहल्ला नेहरू नगर स्थित अंबेडकर तिराहा के पास श्रीशीतला माता मंदिर एवं हनुमान मंदिर में धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया। शुरुआत पं.राजू तिवारी महाराज द्वारा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन से हुई। पूजन उपरांत भगवान का आह्वान करते हुए श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ किया गया। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालु भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों के साथ भक्ति रस में डूबे नजर आए। पाठ पूर्ण होने के बाद भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें एक से बढ़कर एक धार्मिक भजनों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के समापन पर गाजे-बाजे के साथ भव्य आरती संपन्न हुई। इसके बाद मंदिर में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर पं.राजू तिवारी महाराज, गोकुल प्रसाद यादव, राजेश यादव, रामनाथ, भगवानदास कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा और आध्यात्मिक वातावरण मजबूत होता है।



