
सचिव और सरपंच की कार्यप्रणाली से ग्रामीण परेशान, कार्रवाई नहीं होने पर जताई नाराजगी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जनपद पंचायत भीमपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चुनालोहमा में पंचायत सचिव एवं सरपंच की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पूर्व में कई शिकायतें और समाचार प्रकाशित होने के बावजूद भी पंचायत व्यवस्था में सुधार नहीं होने से ग्रामीण खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। शुक्रवार को एक बार फिर पंचायत कार्यालय बंद मिला, जिससे ग्रामीणों के जरूरी कार्य प्रभावित हुए।ग्रामीण पवन उइके एवं अन्य ग्रामवासियों ने बताया कि पंचायत सचिव नामदेव पाटणकर नियमित रूप से कार्यालय समय पर उपस्थित नहीं रहते हैं। कई बार शिकायत करने, आवेदन देने और समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत कार्यालय अक्सर बंद रहता है, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय-निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, आवास योजना सहित अन्य जरूरी कार्य लगातार प्रभावित हो रहे हैं। दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ता है, जिससे समय और मजदूरी दोनों का नुकसान हो रहा है।पवन उइके ने कहा कि सचिव एवं प्रशासन की उदासीनता से ग्रामवासी अब थक चुके हैं। शिकायतों के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हो रही, तो ग्रामीणों का प्रशासन पर से विश्वास उठता जा रहा है। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उच्च स्तर पर शिकायत करने के साथ आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे।ग्रामीणों ने मांग की है कि पंचायत सचिव की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा लगातार मिल रही शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। शिकायत करने वालों में ग्रामीण दमुलाल, ईश्वर, संतोष, राजू, मनोज सहित ग्रामीण शामिल है।



