
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को दोपहर के समय प्लेटफॉर्म नंबर-5 का टिन शेड अचानक गिर गया। इस हादसे में ट्रेन टीके (टीटीई) समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में गंभीर रूप से घायल होने वालों में टीटीई भूपेंद्र सिंह शामिल हैं, जिनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है। साथ ही यात्री अभिषेक और साहिल भी इस हादसे में चोटिल हुए।
RPF की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। घायलों को तुरंत अजंता अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है
बड़ा हादसा टला
हादसे के समय प्लेटफॉर्म पर हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस पहुंच रही थी। रेलवे अधिकारियों और स्टेशन स्टाफ की सतर्कता से ट्रेन को समय रहते रोका गया, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाला जा सका। इस घटना से पूरे स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
राहत कार्य जारी
रेलवे अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य को तेज करने के लिए मौके पर क्रेन बुलाई है। शेड हटाने और प्लेटफॉर्म को साफ करने का काम तेजी से चल रहा है।
आधिकारिक बयान
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने जारी बयान में कहा चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर टिन शेड गिरने की घटना में हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। RPF और मेडिकल टीम ने तुरंत कार्रवाई की। ट्रेन को सुरक्षित रूप से रोका गया, जिससे किसी बड़े नुकसान से बचा जा सका। तकनीकी टीम कारणों की जांच कर रही है। यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित प्लेटफॉर्म पर यातायात को वैकल्पिक व्यवस्था से संचालित किया जा रहा है।रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शेड गिरने के पीछे पुरानी संरचना, रखरखाव की कमी या कोई अन्य तकनीकी कारण तो नहीं था।




