जालौन

चेन स्नैचिंग का खुलासा पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। कोतवाली उरई पुलिस एवं एसओजी, सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चेन स्नैचिंग की घटना का अनावरण करते हुए एक शातिर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में लूटा गया मंगलसूत्र, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार तीन दिन पूर्व संतोष गुप्ता ने कोतवाली उरई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी माता जी सुबह टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान माल गोदाम क्षेत्र के पास एक अज्ञात युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली उरई में मुकदमा संख्या 297/2026 धारा 304 बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, क्षेत्राधिकारी नगर राजीव कुमार शर्मा तथा कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह के नेतृत्व में घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस एवं एसओजी, सर्विलांस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी करमेर रोड के संपर्क मार्ग पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार जब टीम ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा नियंत्रित जवाबी फायरिंग की गई जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहरूख पुत्र सत्तार खां (28 वर्ष) निवासी मोहल्ला तुफैलपुरवा इन्द्रानगर, कोतवाली उरई जनपद जालौन के रूप में हुई है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके विरुद्ध मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अलग से अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूंछतांछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके पास से बरामद मंगलसूत्र वही है जिसे उसने दो दिन पूर्व सुबह के समय मालगोदाम के पास एक वृद्ध महिला के गले से झपटकर छीना था। उसने बताया कि वह मंगलसूत्र बेचने की फिराक में था लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शाहरूख एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ उरई एवं माधौगढ़ थानों में चोरी, आम्र्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button