ललितपुर
अंतरराष्ट्रीय तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्माकुमारीज की जागरूकता रैली
नशा मुक्ति अभियान के तहत निकाली जनजागरण यात्रा, झांकी और नाटक के माध्यम से दिया संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। अंतरराष्ट्रीय तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा रविवार को शहर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। भारत नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में जागरूकता रैली, नशा मुक्ति संदेशों से युक्त झांकियां तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को तंबाकू एवं अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होकर निकली, जिसमें बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज के भाई-बहनों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने बैनर, संदेश पट्टिकाओं एवं स्लोगन कार्डों के माध्यम से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने तथा खुशहाल परिवार एवं सशक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कुंभकरण की चैतन्य झांकी रही, जिसके माध्यम से लोगों को नशे की लत से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। वहीं बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नशा मुक्ति नाटक ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तुत इस नाटक के जरिए युवाओं और समाज को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने पढ़े-लिखे की यही पहचान, नशा मुक्त हो स्वस्थ इंसान, नशे की आदत छोड़ो, खुशी और जीवन से नाता जोड़ो, तंबाकू रोग बढ़ाता है, यही कैंसर की माता है, सिगरेट मौत का गेट तथा कुछ पल का नशा, सारी उम्र की सजा जैसे प्रभावशाली नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस दौरान ब्रह्माकुमारीज की राजयोगिनी बीके चित्ररेखा दीदी ने कहा कि समाज को नशे की प्रवृत्तियों से मुक्त कर संस्कारवान और आत्मनिर्भर बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से आत्मबल बढ़ाकर व्यक्ति किसी भी प्रकार की नकारात्मक आदत और व्यसन पर विजय प्राप्त कर सकता है। कार्यक्रम में बीके मायारानी दीदी, बीके गीता दीदी, बीके रूबी दीदी, बीके निशा बहन, बीके पूजा बहन, बीके शिवानी बहन, बीके विद्यासागर भाई, एड.रामस्वरूप साहू, केशव प्रसाद पांडे, हरिशंकर साहू, महेश कंचन, मनीष भाई, इंजी.सत्येंद्र भाई, शुभम गुजराती, रोहित श्रीवास्तव, सुनील चौरसिया सहित बड़ी संख्या में नागरिक, महिलाएं एवं ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।



