नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। तहसील पाली क्षेत्र के ग्राम नाराहट परगना मड़ावरा निवासी एक महिला ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। पीडि़ता कृष्णा देवी पत्नी हरपाल सिंह ने आरोप लगाया है कि ग्राम नाराहट स्थित उनके आराजी नंबर 577 की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त भूमि की कई बार पैमाइश कराई जा चुकी है तथा राजस्व न्यायालय द्वारा भी आदेश पारित किया गया है, इसके बावजूद उन्हें उनकी भूमि पर कब्जा नहीं मिल सका है। महिला का आरोप है कि हाल ही में पैमाइश के दौरान विरोधी पक्ष के लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में कब्जा दिलाने की कार्रवाई रुकवा दी और उन्हें धमकियां भी दी गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष के कुछ लोग बिना किसी वैध अभिलेख के भूमि पर दावा कर रहे हैं तथा उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। पीडि़ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि भूमि की निष्पक्ष पैमाइश कराकर अवैध कब्जा हटवाया जाए, उन्हें उनकी जमीन का कब्जा दिलाया जाए तथा संबंधित राजस्व कर्मियों एवं आरोपित पक्ष के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। महिला ने कहा कि वह एक गरीब परिवार से हैं और न्याय की उम्मीद में प्रशासन के दरवाजे पर पहुंची हैं।


