नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान के तहत चला विशेष चेकिंग अभियान, 353 वाहनों के चालान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए शामली पुलिस द्वारा बुधवार को जनपदभर में “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान के अंतर्गत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 353 वाहनों के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान बनत चौराहा, कैराना बस अड्डा, विजय चौक, फव्वारा चौक, धीमानपुरा फाटक, शिव चौक, अंजता चौक तथा रोडवेज बस अड्डा सहित प्रमुख स्थानों पर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता बताते हुए कहा गया कि बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। साथ ही सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान कुल 353 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 303 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के थे। पुलिस ने आमजन एवं पेट्रोल पंप संचालकों से सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने की अपील की है।