जालौन

समाधान दिवस में 116 शिकायतें पहुंचीं, 34 का मौके पर निस्तारण

राजस्व, पुलिस, विद्युत, विकास, नगर पंचायत, आपूर्ति, सिंचाई की आयीं शिकायतें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। तहसील सभागार माधौगढ़ में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडे एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में कुल 116 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 34 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, विकास, नगर पंचायत, आपूर्ति, सिंचाई तथा अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। ग्राम सिरसा दोगड़ी निवासी रामनरेश पुत्र महेंद्र ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर क्षेत्रीय लेखपाल पर गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि लेखपाल द्वारा दी गई रिपोर्ट वास्तविक तथ्यों से मेल नहीं खाती, जिससे उन्हें परेशानी और अन्याय का सामना करना पड़ रहा है। रामनरेश ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने तथा न्याय दिलाने की मांग की। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं नगर पंचायत माधौगढ़ के वार्ड नंबर-2 के सभासद अरविंद सिंह सेंगर ने क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में 11 हैंडपंपों का रीबोर कराया गया है तथा 16 नए वाटर कूलर लगाए गए हैं, लेकिन वार्ड नंबर-2 में एक भी वाटर कूलर नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में वार्ड के लोगों को स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने वार्ड में शीघ्र वाटर कूलर स्थापित कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस को संबोधित करते हुए डीएम राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान किया जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी माधौगढ़ विनय कुमार मौर्य, थाना प्रभारी गोहन सतीश कुमार, माधौगढ़ कोतवाली प्रभारी अभिलाष कुमार मिश्रा, रामपुरा थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button