ललितपुर
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर ललितपुर पुलिस अलर्ट
एसपी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को किया ब्रीफ

एसओपी की उत्कृष्ट जानकारी पर आरक्षी आनंद कुमार को नगद पुरस्कार देकर किया सम्मानित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस आरक्षी एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, सुरक्षित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए ललितपुर पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा केंद्र प्रभारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती बोर्ड एवं उच्चाधिकारियों द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह त्रुटिहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। परीक्षा के लिए जनपद में जोनल, सेक्टर, स्टैटिक, केंद्र पर्यवेक्षक तथा सचल दल के रूप में पांच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए पुलिस लाइन में एक केंद्रीय एकीकृत कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जहां से सभी केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीमों और क्यूआरटी को लगातार भ्रमणशील रहने तथा साइबर कैफे, फोटोकॉपी केंद्रों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस बल तैनात किया जाएगा, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं प्रमुख स्थानों पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं डायल-112, चेतक मोबाइल, सेकेंड मोबाइल और बस मोबाइल की अतिरिक्त ड्यूटियां लगाई गई हैं। यदि किसी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कठिनाई होती है तो पुलिस कर्मी स्वयं सहायता प्रदान करेंगे। सोशल मीडिया और साइबर गतिविधियों की निगरानी के लिए साइबर क्राइम थाना, सोशल मीडिया सेल, अभिसूचना इकाई, अपराध शाखा और सर्विलांस टीमों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा की शुचिता बनाए रखी जा सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने परीक्षा संबंधी जारी एसओपी की गहन जानकारी रखने और उत्कृष्ट तैयारी प्रदर्शित करने पर आरक्षी आनंद कुमार (पीएनओ-162415331) को उत्साहवर्धन हेतु नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक ने इसे अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी बताया।



