जालौन

थाना एट में 2.120 किलो अवैध गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एट पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। थाना एट पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.120 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के पर्यवेक्षण में जनपद भर में अवैध शराब के निर्माण,परिवहन एवं नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी एट शिव शंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.120 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विवेक पुत्र रामशरण अहिरवार उम्र लगभग 20 वर्ष निवासी बीज गोदाम के पास वार्ड नंबर-01 कस्बा एवं थाना एट जनपद जालौन बताया। बरामदगी के आधार पर थाना एट में मु0अ0सं0 70/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2025 में आर्म्स एक्ट के तहत तथा अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2024 में चोरी और बरामदगी से संबंधित मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है। पुलिस द्वारा उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने तथा समाज में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button