मथुरा

 वृंदावन के पागल बाबा बैरियर पर पैसे लेकर बस को प्रवेश दिलाने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक दावों के बीच एक वायरल वीडियो ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पागल बाबा मंदिर के समीप लगाए गए ट्रैफिक बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से पैसे लेकर एक यात्री बस को शहर के अंदर प्रवेश देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।  गौरतलब है कि शहर में जाम की समस्या को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन द्वारा भारी वाहनों और यात्री बसों के प्रवेश को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। लेकिन वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम ने इन व्यवस्थाओं की पारदर्शिता और प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। लोगों का कहना है कि यदि यातायात नियमों का पालन कराने वाले कर्मचारी ही नियमों की अनदेखी करेंगे तो शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के प्रशासनिक प्रयास कैसे सफल हो पाएंगे। वृंदावन सिविल सोसाइटी के पदाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि केवल जांच के आदेश देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। जिस पर सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा का कहना था कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी, जो भी दोषी पुलिसकर्मी पाए जाएंगे। उनके खिलाफ कड़ी दंडात्मक विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button