ललितपुर

भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि पर विचार गोष्ठी आयोजित

वक्ताओं ने उनके संघर्षों को किया याद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को कचहरी परिसर ललितपुर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का आयोजन सहरिया आदिवासी संघर्ष समिति एवं आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह लोधी एडवोकेट के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्हें आदिवासी समाज में “धरती आबा” के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध युवावस्था में ही विद्रोह का बिगुल फूंका और मात्र 25 वर्ष की आयु में देश व समाज के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए पुष्पेंद्र सिंह चौहान एडवोकेट ने कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को नशाखोरी, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का संदेश दिया था। उन्होंने लोगों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नैमी कुमार जैन, रमेश कुमार झा (जिलाध्यक्ष झा समाज), महेंद्र कुमार पाराशर, कैलाश नारायण एडवोकेट, शशिकांत लोधी एडवोकेट, अनुराग सिंह एडवोकेट, मीना राजा, कमला बाई, सुम्मा सहरिया, दुर्गा सहरिया, देव सिंह राजपूत एडवोकेट, अरुण राजपूत एडवोकेट, दीपक सिंह एडवोकेट, भूपेंद्र सिंह यादव एडवोकेट, आरती पाल, गजराम सिंह लोधी एडवोकेट, सूरज पाल, आनंद सिंह तथा रंजना राजपूत सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को वर्तमान पीढ़ी तक पहुंचाने और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button