नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कस्बे के कांधला अड्डे पर जूस की ठेली लगाने वाले एक युवक के साथ मोबाइल फोन मांगने को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एक युवक पर गाली-गलौज, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
मोहल्ला छड़ियान निवासी नदीम पुत्र सलीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कांधला अड्डे पर जूस की ठेली लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोप है कि नौ जून की रात करीब 11:30 बजे मोहल्ला छड़ियान निवासी कामिल पुत्र कासिम उसकी ठेली पर पहुंचा और उससे मोबाइल फोन मांगने लगा। पीड़ित के अनुसार जब उसने मोबाइल देने से इनकार कर दिया तो आरोपी आगबबूला हो गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। नदीम का आरोप है कि जब उसने गाली देने का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी ने अपना सिर उसकी नाक पर जोर से मार दिया, जिससे उसकी नाक से खून बहने लगा और वह घायल हो गया। पीड़ित का कहना है कि घटना के दौरान मौके पर शोर-शराबा होने लगा। आसपास के लोगों के एकत्र होने की आहट मिलते ही आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल युवक ने उपचार कराया और फिर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। तहरीर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद वह और उसका परिवार भयभीत है तथा आरोपी से जान-माल का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने मामले में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।