शिव मंदिर चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, नगदी और पेन ड्राइव बरामद, आरोपी गिरफ्तार
शामली /झिंझाना। थाना क्षेत्र के ग्राम वेदखेड़ी स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का झिंझाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नगदी, पेन ड्राइव तथा एक अवैध छुरा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 9/10 जून की रात ग्राम वेदखेड़ी स्थित शिव मंदिर की अलमारी का ताला तोड़कर मंदिर में रखी नगदी एवं पेन ड्राइव चोरी कर ली गई थी। घटना के संबंध में मंदिर से जुड़े सतीश पुत्र लखीराम निवासी वेदखेड़ी की तहरीर पर थाना झिंझाना में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी कैराना के नेतृत्व में झिंझाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी निखिल पुत्र सोहनलाल निवासी ग्राम वेदखेड़ी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 2400 रुपये की नगदी, एक पेन ड्राइव तथा एक अवैध छुरा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध एवं चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मंदिर में हुई चोरी का शीघ्र खुलासा होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवबहादुर सिंह एवं हेड कांस्टेबल अमित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।