मुख्य गली में जलभराव से ग्रामीण परेशान, स्कूटर सवार गिरकर घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। खोडसमा गांव की मुख्य गली में जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। शनिवार को गली में भरे पानी के कारण एक ग्रामीण स्कूटर सहित फिसलकर गिर गया और घायल हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है।
चौसाना-बिडौली मार्ग पर स्थित खोडसमा की मुख्य गली में पिछले लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। गांव के अंदर की अधिकांश गलियां ठीक हैं, लेकिन सड़क से जुड़ी करीब बीस मीटर लंबी इस गली में हल्की बारिश होते ही पानी भर जाता है। बताया गया कि पानी की टंकी की पाइप लाइन बिछाने के दौरान यहां की मिट्टी दब गई थी, जिसके बाद से पानी निकासी प्रभावित हो गई और गली में जलभराव होने लगा।
शुक्रवार को भी हल्की बारिश के बाद गली में पानी भर गया। इसी दौरान शनिवार को ग्रामीण अरविंद कुमार अपने स्कूटर से गुजर रहे थे। पानी और कीचड़ के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह स्कूटर सहित गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया।
ग्रामीण रामपाल, राजकुमार, राजीव, अमरेश और सुंदर का कहना है कि यह गांव की मुख्य गली है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। जलभराव के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि गांव में आने वाले लोगों पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ता है और यह गांव की सुंदरता को भी प्रभावित करता है। ग्रामीणों ने जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत सचिव दीपक शर्मा ने बताया कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी। अब मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही मजदूर लगवाकर जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाएगी और समस्या का समाधान कराया जाएगा।

