ललितपुर

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में ललितपुर को प्रदेश में 13वां स्थान

डीएम ने विकास परियोजनाओं की समीक्षा की

धीमी प्रगति वाले विभागों को एक माह में सुधार के निर्देश
अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोका
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के साथ सीएम डैशबोर्ड एवं सीएमआईएस पोर्टल पर विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए जिलाधिकारी ने परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। समीक्षा बैठक में बताया गया कि सीएम डैशबोर्ड की नवीनतम प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में ललितपुर जनपद को ओवरऑल 13वां स्थान प्राप्त हुआ है। इसमें विकास कार्यों के क्षेत्र में जिले को 22वां स्थान तथा राजस्व कार्यों में 11वां स्थान मिला है। जिले से संबंधित कुल 86 योजनाओं में से 53 योजनाओं को प्रदेश स्तर पर ए ग्रेड प्राप्त हुआ है, जबकि शेष योजनाओं को बी एवं सी ग्रेड मिला है। बैठक में सीएमआईएस पोर्टल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में विकास से संबंधित कुल 226 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें से 141 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाने की प्रक्रिया में हैं। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने विकास परियोजनाओं में अपेक्षित प्रगति न होने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को फटकार लगाई। उन्होंने कम प्रगति वाले विभागों से जवाब तलब करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले एक माह में कार्यों में सुधार दिखाई देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परियोजनाएं किसी भी स्तर पर शिथिलता के कारण लंबित पाई गईं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अनुपस्थित पाए जाने पर अधिशासी अभियंता सिंचाई निर्माण खंड प्रथम एवं मिशन मैनेजर यूपीसीडा का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए गए। साथ ही दोनों अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं से कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में सीडीओ शेषनाथ चौहान, सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद, डीसी मनरेगा रमेश यादव, डीडीओ अतिरंजन सिंह, सीवीओ डा.भगवान सिंह, डीआईओएस ओपी सिंह, डीपीओ नरेन्द्र सिंह, डीपीआरओ कुंवरसिंह यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button