जालौन
विकसित भारत अभियान के तहत 100 युवा उद्यमियों ने किया कालपी के हाथ कागज उद्योग का भ्रमण

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित विकसित भारत अभियान के अंतर्गत जनपद जालौन में युवा उद्यमियों को स्वरोजगार एवं औद्योगिक विकास से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जिलाधिकारी जालौन के निर्देशन में मंगलवार को 100 युवा उद्यमियों को कालपी स्थित राजकीय औद्योगिक आस्थान में संचालित हाथ कागज उद्योग इकाइयों एवं खादी ग्रामोद्योग प्रशिक्षण संस्थान के भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उद्योग स्थापना के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं से अवगत कराना था। जिलाधिकारी द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर भ्रमण दल को रवाना किया गया। कालपी पहुंचने पर युवा उद्यमियों ने हाथ कागज उद्योग की उत्पादन प्रक्रिया को नजदीक से देखा और उद्योग संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
हाथ कागज फैक्ट्री के संचालक सलीम हाजी ने युवाओं को हाथ से कागज तैयार करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने कच्चे माल के चयन, प्रसंस्करण, उत्पादन और विपणन तक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि सीमित संसाधनों में भी इस उद्योग के माध्यम से बेहतर रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं। इस दौरान युवाओं ने उत्पादन प्रक्रिया, बाजार की मांग तथा स्वरोजगार के अवसरों को लेकर कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से उत्तर दिया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में शरद कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने युवा उद्यमियों को एकत्रित करने, भ्रमण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित कराने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। उनके प्रयासों से कार्यक्रम व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
इस अवसर पर आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में युवाओं और उद्यमियों के बीच खुलकर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने उद्योग स्थापना में आने वाली चुनौतियों, सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव रखे। कार्यक्रम में हाथ कागज संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र तिवारी, विनीत गुप्ता, भोले शंकर शर्मा, रविन्द्र नाथ गुप्ता, व्यापार मंडल कालपी के पदाधिकारी सहित अनेक उद्यमी एवं उद्योग विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त उद्योग धर्मेन्द्र कुमार भास्कर ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी युवाओं के लिए ऐसे औद्योगिक भ्रमण, प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

