जालौन
एन्युटी लेने की इच्छुक धार्मिक संस्थायें आवेदन करें – एडीएम
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज ने एन्युटी लेने की इच्छुक धार्मिक संस्थाओं के दावा, आवेदन पत्र आमंत्रण के विषय में बताया कि कार्यालय आयुक्त एवं सचिव, राजस्व परिषद, उप्र, अनुभाग-5, लखनऊ के पत्र 10 फरवरी 2026 के माध्यम से आगामी वित्तीय वर्षों में वार्षिकी (एन्युटीज) भुगतान प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं वास्तविकता सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं।
इसी क्रम में एन्युटी भुगतान हेतु पात्र, जनपद की समस्त धार्मिक संस्थाएं, जो जनपद के एन्युटी रजिस्टर में दर्ज हों और राजस्व परिषद स्तर से डीबीटी प्रणाली के अन्तर्गत एन्युटी प्राप्त करना चाहती हैं, से अपेक्षा है कि वे इस विज्ञप्ति की प्रकाशन की तिथि से अगले 2 सप्ताह के भीतर अपने दावे एवं अद्यतन विवरण (इच्छा पत्र, बैंक खाता विवरण-कैंसिल चेक, पासबुक की प्रमाणित छायाप्रति, संस्था विवरण) जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करें। निर्धारित अवधि में दावा प्रस्तुत न करने की स्थिति में यह मान लिया जायेगा कि संबंधित धार्मिक संस्था एन्युटी लेने की इच्छुक नहीं है, और उसकी सूचना शून्य मानी जायेगी। अधिक जानकारी हेतु अधोहस्ताक्षरी कार्यालय भूलेख कार्यालय कलेक्ट्रेट उरई से सम्पर्क कर सकते हैं।


