रामपुर शाहबाद
दहेज उत्पीड़न के साथ गर्भपात कराने का आरोप, पांच पर केस
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव गुजरैला निवासी एक विवाहिता ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, जबरन गर्भपात कराने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका विवाह जून 2023 में संभल जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र के गांव मच्छखेड़ा निवासी अरुण के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद पति, ससुर, जेठ, सास और ननद ने पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि वर्ष 2025 में उसका छह माह का गर्भ जबरन गिरवा दिया गया। वहीं, मार्च 2026 में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। मामले में पुलिस ने पति अरुण, ससुर फूल कुमार, जेठ बब्बू, सास गंगादेई और ननद सिमरन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


