ललितपुर
मुहर्रम से पहले कर्बला घाट की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
विकास कार्यों का हुआ भूमि पूजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सोनाली जैन एवं अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने बुधवार को नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया गया तथा सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। नपाध्यक्ष ने वार्ड संख्या-14 के मोहल्ला रावतयाना स्थित इमामी कब्रिस्तान मार्ग पर सीसी सड़क एवं नाला निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षों से कब्रिस्तान तक पक्की सड़क न होने के कारण विशेषकर बरसात के मौसम में आवागमन में भारी परेशानी होती थी और जलभराव की समस्या बनी रहती थी। पालिका द्वारा शुरू कराए जा रहे इस निर्माण कार्य से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी तथा जल निकासी व्यवस्था भी बेहतर होगी। भूमि पूजन कार्यक्रम में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि आनंद यादव एवं पार्षद अब्दुल बारी मौजूद रहे। इसके बाद अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी ने वार्ड संख्या-16 के मोहल्ला आजादपुरा में चर्च के सामने प्रस्तावित सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अमित कुशवाहा भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से साफ-सफाई संबंधी फीडबैक लिया और अधिकारियों को नियमित सफाई अभियान चलाने तथा स्ट्रीट लाइट एवं अन्य प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। आगामी 26 जून को आयोजित होने वाले मुहर्रम पर्व को ध्यान में रखते हुए पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी ने कर्बला घाट और जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने पालिका टीम एवं जल निगम अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए घाटों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, नालियों एवं अन्य निर्माण कार्यों की मरम्मत कराने के लिए जल निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया। अध्यक्ष सोनाली जैन ने स्पष्ट कहा कि मुहर्रम पर्व से पहले सभी आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान नपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्नालाल जैन, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, जल निगम के अधिशासी अभियंता, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक जितेंद्र स्वरूप तिवारी, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार, नजूल लिपिक सुधीर रावत, गैरिज प्रभारी अमित कुमार रिंकू सहित नगर पालिका के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



