ललितपुर

सरकारी पिस्टल चोरी करने वाला होमगार्ड गिरफ्तार

पिस्टल व 10 कारतूस बरामद

गिरार पुलिस, स्वॉट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, दबाव बनाकर रुपये वसूलने के लिए की थी चोरी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना गिरार पुलिस ने सरकारी पिस्टल चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 9 एमएम पिस्टल, मैग्जीन तथा 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एसपी मो. मुश्ताक के निर्देशन तथा एएसपी कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी मड़ावरा राजेश कुमार श्रीवास्तव के निकट पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार थाना गिरार में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 34/2026 धारा 305(ई)/317(2) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त महरौनी के ग्राम किसरदा निवासी मंगल पुत्र अनिरुद्ध सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई सरकारी 9 एमएम पिस्टल, मैग्जीन एवं 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। मामले की शुरुआत तब हुई जब पीआरवी में तैनात एक मुख्य आरक्षी द्वारा सूचना दी गई कि उनके साथ ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड चालक ने उनकी सरकारी पिस्टल, मैग्जीन और 10 जिंदा कारतूस चोरी कर लिए हैं। सूचना मिलते ही थाना गिरार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल चार विशेष टीमें गठित कीं, जिनमें थाना पुलिस, स्वॉट टीम और सर्विलांस टीम शामिल थीं। टीमों ने तकनीकी एवं मैनुअल सर्विलांस के माध्यम से साक्ष्य जुटाकर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी मंगल सिंह ने स्वीकार किया कि वह होमगार्ड के रूप में कार्यरत है और पीआरवी पर हेड कांस्टेबल प्रकाशचंद्र के साथ ड्यूटी कर रहा था। आरोपी ने बताया कि उसने 14 जून 2026 की रात ड्यूटी के दौरान सरकारी पिस्टल चोरी की थी। उसका उद्देश्य हेड कांस्टेबल पर दबाव बनाकर उनसे रुपये वसूलना था। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस से माफी भी मांगी। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक थाना गिरार हरिशंकर, प्रभारी सर्विलांस अरुण पवार तथा प्रभारी स्वॉट टीम अतुल तिवारी सहित उनकी टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने मामले के सफल अनावरण को टीमवर्क और त्वरित कार्रवाई का परिणाम बताया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button