प्लास्टिक मुक्त उरई की ओर निर्णायक कदम
व्यापक अभियान में 10.3 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त, हजारों का अर्थदंड वसूला गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई। शासन की मंशा के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता संवर्धन को गति प्रदान करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद उरई द्वारा बुधवार को “प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान” के अंतर्गत नगर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में व्यापक जनजागरण एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया। अभियान का लक्ष्य प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं पॉलीथिन के उपयोग पर प्रभावी अंकुश स्थापित करना रहा।
अभियान के दौरान पालिका की टीम ने बाजारों में भ्रमण कर व्यापारियों एवं आम नागरिकों को प्लास्टिक जनित प्रदूषण के दुष्परिणामों से अवगत कराया तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी अमल में लाई गई।
निरीक्षण के क्रम में कुल 10.300 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। वहीं पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों से 6,200 रुपये का अर्थदंड भी अधिरोपित कर वसूल किया गया।
इस विशेष अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन से अभिषेक मिश्रा, चांद खां, बी.पी. यादव, शाहरुख, राहुल तथा डिवाइन बेस्ट मैनेजमेंट (आईईसी) टीम के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नगर को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त बनाने हेतु ऐसे प्रवर्तन एवं जनजागरूकता अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-सुरक्षित उरई के निर्माण का संकल्प साकार हो सके।

