मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, प्रशासन ने दिए आवश्यक निर्देश
Peace committee meeting held regarding Muharram; administration issues necessary instructions.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ नगर थाना सभागार में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ कुमार गौरव ने की। इसमें नगर क्षेत्र सहित आसपास के गणमान्य व्यक्ति समेत मोहर्रम समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में नगर प्रशासक अमरिंदर कुमार चौधरी, थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता तथा एसआई अभिषेक कुमार समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने सरकार की गाइडलाइन एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए मोहर्रम मनाने की अपील की। प्रशासन की ओर से प्रत्येक मोहर्रम समिति को 15-15 स्वयंसेवक (वालंटियर) तैनात करने का निर्देश दिया गया, ताकि आयोजन के दौरान विधि- व्यवस्था एवं शांति बनाए रखी जा सके। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी लगातार क्षेत्र में मौजूद रहेंगे और स्थिति पर नजर रखेंगे। बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी थाना को दें। अधिकारियों ने सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आग्रह किया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।



