दुमका

मुहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने हेतु जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित

District-level peace committee meeting held to ensure the observance of Muharram in a peaceful and harmonious atmosphere.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

दुमका। मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंडोर स्टेडियम, दुमका में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मुहर्रम के दौरान विधि एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा कानून-व्यवस्था या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) भी पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य करेगा। उपायुक्त ने अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुहर्रम जुलूस केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों पर ही निकाले जाएंगे तथा डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जुलूसों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जायेगी। उन्होंने कहा कि झंडों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए ताकि वे विद्युत तारों के संपर्क में न आएं। इसके लिए विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर स्थित विद्युत तारों एवं अन्य व्यवस्थाओं की पूर्व जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं नगर परिषद द्वारा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जायेगी। उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि मुहर्रम के दौरान ऐसे किसी भी करतब या प्रदर्शन से बचें, जिससे दुर्घटना की संभावना उत्पन्न हो। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और इसके लिए अलग टीम गठित की गई है। किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए मेडिकल टीमों की भी प्रतिनियुक्ति रहेगी। बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों से उपायुक्त ने अपील की कि वे प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुहर्रम पर्व को भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे गीतों का प्रसारण न किया जाए जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों। शांति समिति द्वारा चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जायेगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने लोगों से निर्धारित मार्गों पर ही जुलूस निकालने तथा किसी भी समुदाय की भावना को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी। पुलिस अधीक्षक ने आमजनों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, सूचना या अफवाह की स्थिति में तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी अथवा पुलिस अधिकारियों को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में शांति समिति के सदस्यों के साथ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button