मथुरा
मांट विधायक राजेश चौधरी को भाजपा में उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश महामंत्री घोषित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने सांगठनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज राय ने गुरुवार को अपनी नई कोर टीम का आधिकारिक एलान कर दिया है, जिसमें कुल 64 पदाधिकारियों को जगह दी गई है। इस नई सूची में मथुरा जनपद के मांट विधानसभा क्षेत्र से फायरब्रांड विधायक राजेश चौधरी को शामिल कर भाजपा ने ब्रज क्षेत्र सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति को बड़ा संदेश दिया है। अपनी साफ-सुथरी छवि, प्रखर राष्ट्रवाद और जाट समाज में गहरी पैठ रखने वाले राजेश चौधरी को प्रदेश संगठन में शामिल किए जाने के बाद से ही मथुरा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। राजेश चौधरी की सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धि साल 2022 के विधानसभा चुनाव में देखने को मिली। मथुरा की मांट विधानसभा सीट को विपक्षी दलों का अभेद्य किला माना जाता था, जहां भाजपा आजादी के बाद से कभी भी चुनाव नहीं जीत सकी थी। पार्टी ने युवा और जमीनी नेता राजेश चौधरी पर दांव लगाया और उन्होंने इस सीट पर पहली बार ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ‘कमल’ खिलाया और इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा दिया। इससे पहले साल 2016 में समाजवादी पार्टी के कड़े शासनकाल के दौरान भी उन्होंने अपनी राजनीतिक सूझबूझ से नौहझील ब्लॉक में अपनी पत्नी को ब्लॉक प्रमुख बनाने में सफलता हासिल की थी।



