शामली
जानलेवा हमले के मामले में झिंझाना पुलिस को सफलता
तीन माह से वांछित आरोपी गिरफ्तार, पहले दो आरोपी जा चुके हैं जेल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली/झिंझाना। थाना क्षेत्र के ग्राम हथछौया में गाली-गलौज, मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में झिंझाना पुलिस ने फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 26 मार्च 2026 को ग्राम हथछौया निवासी रजिया तोमर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के तस्सवर उर्फ हंडू और उसके साथियों ने उनके तथा उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जानलेवा हमला किया था। शिकायत के आधार पर थाना झिंझाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में थाना झिंझाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित आरोपी मोईन पुत्र मतलूब निवासी ग्राम हथछौया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इसी प्रकरण में नामजद आरोपी कौशर एवं उमरदीन को पूर्व में 31 मई 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले के संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई थाना झिंझाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार एवं कांस्टेबल पुनित कुमार की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


