कैराना

गौकशी प्रकरण में कैराना पुलिस की एक और बड़ी कार्रवाई

फार्म हाउस में प्रतिबंधित पशु का मांस पकाने वाला कारीगर गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
कैराना। थाना क्षेत्र के ग्राम खुरगान के जंगल में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने के चर्चित मामले में कैराना पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस में प्रतिबंधित पशु का मांस पकाने वाले कारीगर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को ग्राम खुरगान के जंगल में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने की सूचना पर थाना कैराना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को स्कॉर्पियो वाहन एवं गौकशी में प्रयुक्त उपकरणों सहित गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में मुख्य आरोपी फरमान ने स्वीकार किया था कि मुगल गार्डन फार्म हाउस में आयोजित उसके वलीमा समारोह के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर गौवंश की हत्या की गई तथा मांस को स्कॉर्पियो वाहन से समारोह स्थल तक पहुंचाया गया, जहां उसे परोसे जाने की बात सामने आई।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले फार्म हाउस संचालक अनीस अहमद, मांस पकाने वाले कारीगर खलील फरीदी तथा बाद में फुरकान, अस्फाक और जुल्फकार को गिरफ्तार किया था। इसी क्रम में रविवार को पुलिस ने एक अन्य कारीगर सादिक पुत्र अमीर अहमद निवासी मोहल्ला खैल कला, खुरगान रोड, कैराना को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी एवं गौकशी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
थाना कैराना पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल शेष वांछित आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button