शामली
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, खंभे के सहारे छत पर चढ़कर दुकान में घुसे बदमाश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। कस्बे में रविवार देर रात पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित मां भगवती बिल्डिंग मटेरियल की दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाश दुकान की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और गौशाला के दानपात्र व गल्ले से करीब 13 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। वारदात के दौरान दुकान में जमकर तोड़फोड़ भी की गई।घटना से व्यापारियों में रोष।
सोमवार सुबह दुकान संचालक नेपाल सिंह जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा मिला और दीवार टूटी हुई थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार रात करीब दो बजे चोर बिजली के खंभे के सहारे छत पर चढ़े और जीने के रास्ते दुकान तक पहुंचे। इसके बाद दीवार तोड़कर अंदर घुसे और नकदी समेटकर फरार हो गए। फुटेज में दीवार तोड़ने की आवाज भी साफ सुनाई दे रही है।हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान पुलिस की गश्ती टीम भी दुकान के सामने से गुजरती दिखाई दे रही है, लेकिन चोर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। इससे रात्रि गश्त की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
दुकान संचालक नेपाल सिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


