मथुरा
मथुरा DM सीपी सिंह के नाम से फर्जी एकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास, FIR के आदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि आम जनता के साथ जिले के आला अधिकारियों को भी अपना निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। इस बार शातिरों ने डीएम की फोटो लगाकर चंद्र प्रकाश सिंह नाम से फेसबुक पर एकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास किया है। इससे पहले भी दो बार डीएम के फर्जी एकाउंट बनाकर लोगों व अधिकारियों से पैसे मांगे जा चुके हैं। डीएम ने मामले में एफआईआर कराने के निर्देश दिए हैं। अखिल भारत हिंदू महासभा के उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित संजय हरियाणा ने बताया कि शनिवार रात उनके पास डीएम चंद्र प्रकाश सिंह के नाम और फोटो वाली फेसबुक प्रोफाइल से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। उन्होंने रविवार को इस रिक्वेस्ट को स्वीकार कर लिया। इसके बाद रविवार शाम करीब 6.30 बजे मैसेंजर पर उनसे बातचीत शुरू की गई। फर्जी अकाउंट चलाने वाले ने पहले संजय हरियाणा से उनका मोबाइल नंबर मांगा। नंबर मिलने के बाद जालसाज ने अंग्रेजी में मैसेज भेजकर दावा किया कि उसका एक दोस्त संतोष कुमार सीआरपीएफ ऑफिसर है, उसका ट्रांसफर हो गया है और वह अपने घर का पुराना फर्नीचर व बिजली का सामान बहुत सस्ते दामों में बेचना चाहता है। पंडित संजय हरियाणा ने प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। मामला संज्ञान में आते ही डीएम सीपी सिंह ने सभी जिलेवासियों और अधिकारियों को सावधान किया है। उन्होंने बताया कि उनका फेसबुक पर ऐसा कोई व्यक्तिगत अकाउंट नहीं है। असामाजिक तत्वों द्वारा फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को बरगलाने और ठगी करने का प्रयास किया जा रहा है। डीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी डीएम सीपी सिंह के नाम से फेसबुक और वाट्ससएपप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर अन्य अधिकारियों और आम लोगों से पैसों की मांग की जा चुकी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी संदिग्ध अकाउंट के झांसे में न आएं और वित्तीय लेन-देन से बचें।



