ललितपुर
बांदा में संत की हत्या के विरोध में नामदेव महासभा का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कठोर कार्रवाई की उठाई मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। बांदा जिले में मंदिर के एक बुजुर्ग संत की हत्या की घटना के विरोध में सोमवार को अखण्ड भारतीय नामदेव महासभा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। संगठन ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई तथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। ज्ञापन में बताया गया कि बांदा जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिंदवारा स्थित त्रिदोष-शनि मंदिर के पुजारी बाल ब्रह्मचारी सच्चिदानंद नामदेव पर देर रात उस समय हमला किया गया, जब वह मंदिर की छत पर सो रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से नामदेव समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि संत समाज पर इस प्रकार का हमला अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई तथा उनके विरुद्ध प्रभावी दंडात्मक कदम उठाने की भी मांग की गई। कार्यकारी युवा जिलाध्यक्ष शिवम नामदेव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मामले की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है, ताकि प्रकरण में उच्च स्तर पर संज्ञान लेकर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। ज्ञापन सौंपने वालों में शिवम नामदेव, विनोद नामदेव, मनोज नामदेव, सत्येन्द्र नामदेव, आकाश नामदेव, प्रेम नामदेव सहित नामदेव समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



