बागपत

यमुना की दलदल में फंसी बालू से भरी भैंसा-बुग्गी

भैंसे पर फावड़े से वार का वीडियो वायरल

बालू के अवैध खनन और पशु क्रूरता को लेकर उठे सवाल, कार्रवाई की मांग तेज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। जनपद बागपत में यमुना नदी के किनारे कथित तौर पर अवैध बालू खनन और पशु क्रूरता से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बालू से लदी एक भैंसा-बुग्गी यमुना की दलदल में फंसी दिखाई दे रही है। इसी दौरान एक युवक भैंसे को फावड़े से वार करता नजर आ रहा है, जिससे पशु को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस कृत्य को अमानवीय बताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यमुना क्षेत्र में कथित अवैध बालू खनन और उसके परिवहन की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई जा रही है।
स्थानीय स्तर पर यह भी दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई देने वाला युवक बागपत के एक जनप्रतिनिधि का बेटा है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
उधर, बागपत कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक शिव कुमार ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि वीडियो की पुष्टि होती है और शिकायत प्राप्त होती है, तो पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर यमुना क्षेत्र में कथित अवैध खनन और बेजुबान पशुओं के साथ होने वाले व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो की जांच कर दोषियों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button