ललितपुर
जनभागीदारी से ही संभव है टीबी का उन्मूलन : सीएमओ
जिला क्षयरोग नियंत्रण केन्द्र पर मरीजों को वितरित की गई पोषण पोटलियां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिला क्षयरोग नियंत्रण केन्द्र पर क्षयरोगियों को पोषण पोटलियों का वितरण किया गया। सीएमओ डा. इम्तियाज अहमद ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित दवा के साथ संतुलित पोषण भी अत्यंत आवश्यक है। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित निक्षय मित्र योजना के तहत आम नागरिक, अधिकारी, सामाजिक संगठन और संस्थाएं क्षयरोगियों को गोद लेकर उनके पोषण की जिम्मेदारी निभा सकते हैं। ऐसे मरीजों को समय-समय पर पोषण किट उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और उपचार में तेजी से सुधार होता है। क्षयरोग अधिकारी डा.रामनरेश सोनी ने बताया कि जनपद में 24 मार्च 2026 से टीबी मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान का दूसरा चरण संचालित किया जा रहा है। यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देशन में चल रहा है, जिसके तहत उच्च जोखिम वाले लोगों की पहचान कर उनकी स्क्रीनिंग और जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, कुपोषित व्यक्ति, टीबी मरीजों के संपर्क में रहने वाले लोग, मधुमेह एवं एचआईवी से पीडि़त मरीज तथा धूम्रपान और शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों की विशेष जांच की जा रही है। उच्च जोखिम वाले गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर एक्स-रे, जांच और उपचार की नि:शुल्क सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। डा.सोनी ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी रहना, बलगम में खून आना, वजन घटना, अत्यधिक कमजोरी, बुखार, सीने में दर्द, रात में अधिक पसीना आना तथा शरीर में गांठ होना टीबी के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच करानी चाहिए। सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने लोगों से अपील की कि टीबी की जांच और उपचार जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है। समय पर जांच और नियमित उपचार से टीबी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला क्षयरोग नियंत्रण केन्द्र के पीपीएम आदेश श्रीवास्तव, डीपीसी शिवराम सिंह, डीपीटीसी मनोज गुप्ता, विकास कुमार श्रीवास्तव, एम.सी. साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

