
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। पुलिस ने ट्रैक्टर की बैटरी चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर राजफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई ट्रैक्टर की बैटरी बरामद की है। वहीं एक आरोपित के पास से अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
चौसाना निवासी करन सिंह के घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर से चार जुलाई की रात बैटरी चोरी हो गई थी। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद चौसाना पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने रविवार को ग्राम चौसाना निवासी आजाद पुत्र स्व. सुरेशपाल और मनीष पुत्र अमन कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने मनीष की निशानदेही पर चोरी की गई ट्रैक्टर की बैटरी बरामद कर ली। वहीं आजाद के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों का चालान कर दिया।
चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर की बैटरी चोरी की घटना का सफलतापूर्वक राजफाश कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। चोरी की गई बैटरी बरामद कर ली गई है तथा एक आरोपित के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी मिला है। क्षेत्र में चोरी और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चौसाना पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

