बोकारो

वन महोत्सव: सहयोगिनी संस्था ने खैराचातर के विदाहा वन क्षेत्र में किया ‘सीड बॉल’ रोपण।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो। 

बोकारो : वन महोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनूठी पहल करते हुए सहयोगिनी संस्था द्वारा कसमार प्रखंड के खैराचातर स्थित विदाहा वन क्षेत्र में ‘सीड बॉल रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत वन क्षेत्र की झाड़ियों के बीच और खाली पड़ी परती जमीन पर भारी मात्रा में सीड बॉल बिखेरे गए, ताकि आने वाले समय में इन जगहों पर नए पौधे उग सकें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहयोगिनी संस्था के निदेशक गौतम सागर ने बताया कि इन सीड बॉल्स को स्थानीय महिलाओं और किशोरियों के समूहों द्वारा बेहद मेहनत से तैयार किया गया है।
“मिट्टी और खाद के मिश्रण के बीच में पेड़ों के बीजों को सुरक्षित रखकर यह सीड बॉल बनाई गई हैं। इन्हें वन क्षेत्र के उन हिस्सों, झाड़ियों और परती जमीनों पर फैलाया जा रहा है जहाँ जंगल कम या कम घने हैं। बारिश के संपर्क में आते ही ये सीड बॉल अंकुरित हो जाएंगे और आने वाले दिनों में यह पूरा क्षेत्र एक जंगल के रूप में विकसित हो सकेगा।”

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल वन क्षेत्र का दायरा बढ़ाना है, बल्कि आम लोगों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना भी है। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने स्थानीय ग्रामीणों को जंगलों की अंधाधुंध कटाई न करने और नए पौधे लगाने की शपथ दिलाई। साथ ही, जुलाई के पहले सप्ताह में मनाए जाने वाले ‘वन महोत्सव’ के महत्व और आज के समय में इसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान सारथी नेटवर्क द्वारा झारखंड में जलवायु परिवर्तन को लेकर की जा रहे प्रयास की जानकारी दी गई ।
पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के इस सराहनीय संकल्प के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से रणधीर कुमार, सुंदर लाल घासी, जयप्रकाश जयसवाल, अमित कुमार जायसवाल, कुमार गौरव, प्रीतम सागर और रवि कुमार सहित संस्था के कई कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button