ललितपुर
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम सख्त
दैवीय आपदा पीड़ितों को समय पर मिले मुआवजा, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई

तालबेहट तहसील में जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, लेखपालों की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी; 266 शिकायतों में 29 का मौके पर निस्तारण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को तहसील तालबेहट में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उपजिलाधिकारी तालबेहट को लेखपालों एवं राजस्व निरीक्षकों की आख्या का नियमित परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी राजस्व कर्मी की लापरवाही, उदासीनता अथवा प्रलोभन लेकर कार्य करने की शिकायत सही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध निलंबन सहित कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों को निर्देश दिए कि आकाशीय बिजली, अतिवृष्टि तथा अन्य दैवीय आपदाओं से प्रभावित लोगों के मामलों में तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन करें और समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत कर पात्र पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की लापरवाही से यदि कोई पात्र व्यक्ति राहत या मुआवजे से वंचित पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक दिव्यांग महिला की पेंशन संबंधी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी के माध्यम से तत्काल ऑनलाइन आवेदन कराया तथा निर्देश दिए कि सभी औपचारिकताएं समयबद्ध पूरी कर अगले माह से पेंशन का लाभ उपलब्ध कराया जाए। जनसुनवाई में ग्राम तेरई निवासी धर्मेन्द्र ने भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर डीएम ने थाना प्रभारी, राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल को संयुक्त रूप से कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम पिपरई निवासी रामस्वरूप सहरिया ने लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक पर जमीन की पैमाइश न करने और अवैध धन मांगने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने मामले की तहसीलदार स्तर से जांच कराने के निर्देश दिए। ग्राम सेमराडांग निवासी राधा अहिरवार द्वारा भूमि पर कब्जे की शिकायत, ग्राम बार निवासी भूपत द्वारा मनरेगा में फर्जी कार्य दिखाकर धन निकाले जाने तथा ग्राम गदयाना निवासी लाखन द्वारा सार्वजनिक रास्ते व सरकारी हैंडपंप पर कब्जे की शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। जनपद की पांचों तहसीलों में कुल 266 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 29 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तालबेहट तहसील में 160 शिकायतें, 19 का मौके पर निस्तारण हुआ। ललितपुर तहसील में 35 शिकायतें, 3 का निस्तारण हुआ। पाली तहसील में 30 शिकायतें, 2 का निस्तारण हुआ। महरौनी तहसील में 21 शिकायतें, 2 का निस्तारण हुआ। मड़ावरा तहसील में 20 शिकायतें, 3 का निस्तारण किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद, उपजिलाधिकारी तालबेहट अभिजीत सिंह, क्षेत्राधिकारी तालबेहट सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



