
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में 12 जुलाई से शुरू हो रहे वृक्षारोपण की समीक्षा की गई। मण्डलायुक्त ने शत-प्रतिशत पौधारोपण, उच्च कोटि के पौधे लगाने और जियो-टैगिंग करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में 70+ आयु वर्ग के लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी, पोषण किट वितरण में सुधार और नियमित टीकाकरण पर बल दिया। डेंगू-मलेरिया प्रभावित गांवों में फॉगिंग और साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अस्पतालों में डॉक्टरों की उपस्थिति, अग्निशमन व्यवस्था, फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, स्कूल चलो अभियान और बाढ़ सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की। बदायूं में स्टाम्प रजिस्ट्रेशन और पीलीभीत में छुट्टा गोवंश की समस्या पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र सुधार के निर्देश दिए।
बैठक में बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत के जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



