पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने भरा गणना प्रपत्र, मतदाताओं से समय रहते फॉर्म जमा करने की अपील
Former Minister Alamgir Alam fills out the enumeration form; appeals to voters to submit the form in time.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
बरहरवा/साहेबगंज। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision– SIR) अभियान के तहत पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने अपने इस्लामपुर स्थित आवास पर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरकर संबंधित बीएलओ (BLO) एवं बीएलओ सुपरवाइजर को सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम सही एवं अद्यतन होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। ऐसे में सभी पात्र मतदाताओं को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। पूर्व मंत्री ने क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की कि वे अपना गणना प्रपत्र निर्धारित समय के भीतर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटने की संभावना न रहे। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं से समय पर फॉर्म भरने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई निर्धारित की गई है। इसलिए सभी पात्र मतदाता अंतिम तिथि से पूर्व अपना फॉर्म जमा कर यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो। आलमगीर आलम ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। समय पर गणना प्रपत्र भरना और निर्वाचन आयोग के इस अभियान में सहयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।



