जालौन
पिता की पुण्य स्मृति में सूर्या ने दोनों वृद्धाश्रमों में कराया भोजन
दक्षिणा देकर लिया आशीर्वाद

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बोले बुजुर्गों की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। स्वर्गीय अशोक कुमार यादव की पुण्य स्मृति में उनके पुत्र सूर्या यादव उर्फ हनी यादव ने सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने नगर के ओल्ड एज होम एवं आवासीय वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे सभी बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया। भोजन के उपरांत प्रत्येक बुजुर्ग को दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सूर्या यादव ने बुजुर्गों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने कहा कि माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। अपने पिता की पुण्य स्मृति को समाज सेवा से जोड़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने लोगों से भी अपने माता-पिता एवं बुजुर्गों का सम्मान करने तथा जरूरतमंदों की सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंतर्गत दोनों वृद्धाश्रम परिसरों में पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर सूर्या यादव ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने प्रियजनों की स्मृति में एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल करनी चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। वृद्धाश्रम में मौजूद बुजुर्गों ने स्वर्गीय अशोक कुमार यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही सूर्या यादव श्हनीश् की सेवा भावना की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें स्नेह, आशीर्वाद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कृष्ण, शुभांशु, सुभाष, अंकित, रणजीत, वीर, पुष्पेंद्र (डीएम), मानवेंद्र, विवेक, राम एवं अरबाज सहित अन्य सहयोगियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। श्रद्धा, सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला यह आयोजन समाज के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया।



