शामली

सांप के डसने से भैंस की मौत, बचाने पहुंची महिला भी हुई शिकार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 चौसाना। कस्बे में सोमवार देर रात एक गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सांप के डसने से डेढ़ लाख रुपये कीमत की भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भैंस को बचाने पहुंची महिला को भी सांप ने काट लिया। महिला का करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
कस्बा चौसाना निवासी जावेद पुत्र यासीन खोखरी नदी किनारे स्थित अपने मकान में परिवार के साथ रहता है। जावेद ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। करीब दो माह पहले उसने डेढ़ लाख रुपये की भैंस खरीदी थी। भैंस का दूध बेचकर ही परिवार का खर्च चलता था।
सोमवार रात करीब 11 बजे बरामदे में बंधी भैंस अचानक जोर-जोर से आवाज करने लगी। आवाज सुनकर जावेद की मां हुस्न (55) भैंस के पास पहुंचीं। इसी दौरान वहां मौजूद सांप ने पहले भैंस को और फिर महिला को भी डस लिया। जहरीले सांप के काटने से भैंस ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि महिला की हालत बिगड़ने लगी।
स्वजन  उन्हें तुरंत चौसाना के एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गंभीर हालत देखते हुए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां महिला का उपचार जारी है।
जावेद ने बताया कि भैंस की मौत से परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। मजदूरी और दूध बेचकर ही घर का खर्च चलता था। अब परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button