बेतुल
बैतूल 11 अगस्त को सरदार विष्णुसिंह गोंड प्रतिमा स्थापना दिवस पर बैतूल में होगी विशाल आदिवासी महारैली
50 हजार आदिवासियों के जुटने का दावा, जयस की बैठक में बनी रणनीति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सरदार विष्णुसिंह गोंड (उइके) की प्रतिमा स्थापना दिवस 11 अगस्त को मनाने की तैयारियों को लेकर सोमवार को जयस की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से स्थापना दिवस पर विशाल महारैली निकालने का निर्णय लिया गया। संगठन का दावा है कि रैली में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से करीब 50 हजार आदिवासी कार्यकर्ता शामिल होंगे, जो पारंपरिक वेशभूषा में नजर आएंगे।
जयस पदाधिकारियों ने बताया कि कोठी बाजार बस स्टैंड का नाम सरदार विष्णुसिंह गोंड (उइके) के नाम पर रखे जाने के बाद यहां उनकी प्रतिमा स्थापित की गई थी। प्रतिवर्ष 11 अगस्त को प्रतिमा स्थापना दिवस के रूप में आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी रैली और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला अध्यक्ष संदीप कुमार धुर्वे, जिला संरक्षक राजा धुर्वे, जिला प्रभारी महेश शाह उइके, जिला सचिव राजकुमार काकोडिया, जिला उपाध्यक्ष रितिक बाबा परते, शिक्षा प्रभारी दिलीप पंद्राम, जिला मीडिया प्रभारी सौरभ सलामे, नगर अध्यक्ष राजू उइके, महासचिव राज परते रावण सहित राजेंद्र उइके, सोनू धुर्वे, अर्जुन धुर्वे, सुनील उइके, मनीष परते, कपिल मर्सकोले, विशाल धुर्वे, सचिन उइके और राहुल राघव कुमरे उपस्थित रहे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरदार विष्णुसिंह गोंड (उइके) ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सतपुड़ा अंचल की जनजातियों को संगठित कर ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया। जंगल सत्याग्रह के दौरान सरदार गंजन सिंह (कोरकू) की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने आदिवासी समाज में स्वतंत्रता आंदोलन की मशाल जलाए रखी और भारत छोड़ो आंदोलन तक जनजातीय समाज का नेतृत्व किया। अगली तैयारी बैठक 27 जुलाई को आयोजित होगी, जिसमें आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।



