
सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा में बीते दिनों हुए बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। गोड्डा के पूर्व विधायक अमित कुमार मंडल अपनी पूरी टीम के साथ लूटकांड के पीड़ित परिवार वासुदेव राय से मिलने उनके घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी का पूरा परिवार उनके साथ खड़ा है और उन्हें हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा। पूर्व विधायक अमित कुमार मंडल ने कहा कि मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हालांकि, पीड़ित परिवार पुलिस की अब तक की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। पूर्व विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार को उचित न्याय दिलाने के लिए भाजपा हर संभव प्रयास करेगी। अगर पुलिस जल्द से जल्द इस कांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो भाजपा की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अब देखना होगा कि पुलिस मुख्य आरोपियों को कब तक गिरफ्तार करती है।



