जालौन
17 जून को जहां टूटी थी स्लैब, उसी स्थान से दोबारा गिरा कंक्रीट
एनएचएआई की तकनीकी टीम ने किया निरीक्षण, ड्रिल मशीन से हटाया जा रहा क्षतिग्रस्त हिस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी(जालौन) : कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर फूलपावर चैराहे के पास बने ओवरब्रिज की स्लैब से लगातार दूसरी बार कंक्रीट गिरने की घटना के बाद सोमवार को एनएचएआई की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि 17 जून को जिस स्थान से कंक्रीट का मलबा नीचे गिरा था, रविवार को भी ठीक उसी स्थान से स्लैब का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। इसके बाद टीम ने क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत शुरू करा दी।
तकनीकी टीम ने सबसे पहले प्रभावित स्थान का बारीकी से परीक्षण किया। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर ओवरब्रिज पर क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई। ड्रिल मशीन की मदद से स्लैब के कमजोर और उखड़े हुए कंक्रीट को हटाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ढीले कंक्रीट को पूरी तरह हटाने के बाद तकनीकी मानकों के अनुरूप मरम्मत की जाएगी, जिससे भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। निरीक्षण के दौरान टीम ने स्लैब में लगी सरियों और कंक्रीट की स्थिति का भी परीक्षण किया। यदि किसी स्थान पर अतिरिक्त क्षति मिलती है तो उसकी भी मरम्मत कराई जाएगी। मरम्मत कार्य पूरा होने तक पुल की निगरानी जारी रहेगी। मालूम हो कि रविवार सुबह ओवरब्रिज की स्लैब का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया था। मलबा गिरने से नीचे गुजरने वाले लोग बाल-बाल बच गए। इससे पहले 17 जून को भी इसी स्थान से कंक्रीट का हिस्सा गिरा था। लगातार दूसरी बार एक ही स्थान से स्लैब टूटने की घटना के बाद ओवरब्रिज की गुणवत्ता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत निर्धारित मानकों के अनुसार कराई जा रही है और कार्य पूरा होने के बाद पुल पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।


