पुरस्कार-विजेता फिल्मकारों से मिले मुख्यमंत्री, झारखंड में फिल्म विकास को बढ़ावा देने का भरोसा
Chief Minister meets award-winning filmmakers; assures support for film development in Jharkhand.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड के युवा पुरस्कार-विजेता फिल्मकारों ने झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राज्य के कलाकारों एवं फिल्मकारों की उपलब्धियां झारखंड के लिए गौरव की बात हैं। मुलाकात करने वालों में बीजू टोप्पो, सेराल मुर्मू, निरंजन कुजूर, रवि राज मुर्मू, अनुज कुमार और मानसिंह बास्के शामिल थे। फिल्मकारों ने अपनी फिल्मों, निर्देशकीय उपलब्धियों और पुरस्कारों के अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति और जनजातीय विरासत को फिल्म माध्यम के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार फिल्म निर्माण, शूटिंग, तकनीकी प्रशिक्षण और स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने की दिशा में हरसंभव सहयोग करेगी। इस अवसर पर फिल्मकारों ने राज्य में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने, स्थानीय कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और झारखंड को उभरते फिल्म गंतव्य के रूप में विकसित करने से जुड़े सुझाव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।



